21 मार्च 2015 - 19:04
 सीरियाः हसका में आत्मघाती हमला, सौ से अधिक लोगों की मौत।

सीरिया में कुर्द आबादी वाले पूर्वोत्तर क्षेत्र अलहसका में शुक्रवार को दो कार बम विस्फोट हुए जिनमें सौ से अधिक लोग मारे गए।

अबनाः सीरिया के मानवाधिकार पर्यवेक्षकों के नाम से जाने जाने वाले समूह के निदेशक रामी अब्दुर् रहमान ने बताया कि शुक्रवार को सीरिया के पूर्वोत्तर में स्थित कुर्द आबादी वाले क्षेत्र अलहसका में नौरोज़ के हिसाब से आयोजित होने वाले समारोह में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा दिया जिसके परिणाम स्वरूप दसियों अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
बताया जाता है कि आत्मघाती हमलावर तकफीरी आतंकवादी गिरोह आईएसआईएल का सदस्य था। उधर अलमयादीन टीवी चैनल ने इसी सिलसिले में अपनी एक विस्तृत रिपोर्ट में बताया है कि सीरिया में कुर्द आबादी वाले पूर्वोत्तर क्षेत्र अलहसका में शुक्रवार को दो कार बम विस्फोट हुए जिनमें सौ से अधिक लोग मारे गए।
इस रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट अलहसका शहर के दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुए और घायलों की संख्या इतनी अधिक है कि शहर के सारे अस्पताल घायलों से भर गए हैं और कुछ घायलों को कामशली शहर ले जाया गया है। अलहसका शहर सीरिया के पूर्वोत्तर में स्थित है और शहर में रहने वाले ज्यादातर लोग कुर्द हैं।
इससे पहले मिलने वाली खबरों में अलहसका में आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या बीस बताई गई थी। कुर्द पिछले कई महीनों से तकफीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल का मुकाबला कर रहे हैं।