6 दिसंबर 2014 - 19:34
 सीरिया में आतंकवादियों की हवाई अड्डे पर क़ब्ज़े की कोशिश।

सीरिया में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना की कार्यवाही जारी है।

सीरिया में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना की कार्यवाही जारी है।
सीरिया से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सेना के सरकारी सूत्रों का कहना है कि देश के पूर्वी प्रांत दैरिज़्ज़ूर में सैन्य हवाई अड्डे पर सेना का नियंत्रण है और सेना ने हवाई अड्डे के निकटवर्ती क्षेत्रों में नियंत्रण के लिए व्यापक कार्यवाहियां आरंभ कर दी हैं। हुवैजा अलमरइया क्षेत्र में सेना की कार्यवाही में आईएसआईएल के आतंकियों को भारी जानी व माली नुक़सान हुआ है।
सेना के सूत्रों का कहना कि सेना के जवानों ने हवाई अड्डे के आस पास आईएसआईएल के भीषण हमले को विफल बना दिया है जिसके दौरान दसियों आतंकी हताहत व घायल हुए हैं। सीरिया के मीडिया सूत्रों के अनुसार दैरिज़्ज़ूर हवाई अड्डे के पास सेना और आतंकियों के मध्य भीषण झड़पें हो रही हैं।
सीरिया के सरकार विरोधी तथाकथित मानवाधिकार केन्द्र ने रिपोर्ट दी है कि बुधवार की रात ठेला गाड़ी से होने वाले एक आत्मघाती हमले में सेना के कई जवान मारे गये हैं। केन्द्र की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह धमाका दैरिज़्ज़ूर सैन्य हवाई अड्डे के मुख्य द्वार पर हुआ था । रिपोर्ट में कहा गया है कि इस धमाके के बाद दोनों पक्षों में भीषण झड़पें आरंभ हो गयीं जिसके दौरान आईएसआईएल के कई आतंकी मारे गये हैं।
दूसरी ओर सीरिया की सरकार की ओर से जारी किए गये शांति के कार्यक्रम में दर्जनों सशस्त्र लोग शामिल हो रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि हलब सिटी में सेना की ओर से चलाये गये शांति के कार्यक्रम के अंतर्गत दसियों आतंकियों ने हथियार ज़मीन पर रखकर सेना के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया और पुनः सरकार विरोधी गतिविधियों में शामिल न होने का वादा करके स्वतंत्र हो गये। सीरिया के सरकारी सूत्रो का कहना है कि हलब सिटी में सक्रिय लगभग 85 आतंकी, सरकार की शांति प्रक्रिया में शामिल हो गये और उन्होंने सेना के सामने आत्म समपर्ण कर दिया।
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्तमान समय में देश के विभिन्न क्षेत्रों में सात सौ से अधिक विदेश समर्थित सशस्त्र लोग जो सीरिया की सरकार के विरुद्ध लड़ रहे थे, सरकार के समक्ष आत्म समर्पण करने के बाद शांति कमेटी के फ़ैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ज्ञात रहे कि सीरिया की सरकार ने घोषणा की है कि वह सशस्त्र लोग जिनके हाथ सीरिया की निर्दोष जनता के ख़ून से रंगीन नहीं हैं, वह अपने हथियार सरकार के हवाले करके सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
दूसरी ओर सीरिया और लेबनान की सेना ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए लेबनान-सीरिया की सीमा पर आतंकियों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की। इस कार्यवाही के दौरान दसियों आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। सेना ने इसी प्रकार अलक़ाअ पहाड़ी क्षेत्र में आतंकियों की दसियों गाड़ियों को तबाह कर दिया। सेना की इस कार्यवाही में दसियों आतंकी मारे और घायल हुए।उधर सेना ने दक्षिणी प्रांत दरआ के शैख़ मिस्कीन क्षेत्र में आतंकियों पर घेरा तंग कर दिया और सेना शीघ्र ही इस क्षेत्र में कार्यवाही करने की योजना बना रही है।