3 दिसंबर 2014 - 19:20
 यमन में ईरानी दूतावास के सभी कूटनयिक पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं

ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि गुट पांच धन एक व ईरान के बीच वार्ता के अगले चरण के समय व स्थान का निर्धारण नहीं किया गया है।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि गुट पांच धन एक व ईरान के बीच वार्ता के अगले चरण के समय व स्थान का निर्धारण नहीं किया गया है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़ख़म ने बुधवार को अपने साप्ताहिक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि किसी भी प्रकार की सहमति केवल वार्ता की मेज़ पर होगी और यह बात पूर्ण रूप से निराधार और ग़लत है कि वार्ता से पहले सहमति हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान व गुट पांच धन एक के बीच वार्ता प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी है। अफ़ख़म ने सीरिया संकट के संबंध में कहा कि ईरान, सीरियाई जनता के मतों के आधार पर कोई समाधान खोजे जाने और केवल सीरियाई पक्षों के बीच वार्ता पर बल देता है। उन्होंने कहा कि सीरिया संकट के बारे में कोई भी समाधान, इस देश और क्षेत्र की वास्तविकताओं को दृष्टिगत रखते हुए पेश किया जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने इसी प्रकार ज़ायोनी शासन के अतिक्रमणों की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यवाहियों के जारी रहने से क्षेत्र अधिक अशांत होगा। उन्होंने यमन में ईरानी दूतावास के निकट बम विस्फोट के बारे में कहा कि दूतावास के सभी लोग पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं और इस विषय की समीक्षा की जा रही है। मर्ज़िया अफ़ख़म ने इसी प्रकार अमरीका में पुलिस द्वारा जनता के विरुद्ध बल प्रयोग पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की अनेक रिपोर्टों में इस विषय की निंदा की गई है और पूरे संसार में भी इस प्रकार की हिंसक कार्यवाहियों की आलोचना हो रही है।