3 दिसंबर 2014 - 17:48
 ईज़दी व्यापारी ने बग़दादी की पत्नी को ख़रीदने की इच्छा ज़ाहिर की है

ईज़दी समुदाय के एक व्यापारी ने तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के स्वयंभू ख़लीफ़ा की गिरफ़्तार की गई पत्नी को ख़रीदने और उसके बदले आईएसआईएल द्वारा बंधक बनायी गई ईज़दी महिलाओं को रिहा करवाने का आग्रह किया है।

अलआलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार लेबनान में चौदह मार्च धड़े के एक सुरक्षा सूत्र ने बताया है कि लेबनानी सेना के हाथों आईएसआईएल के तथाकथित ख़लीफ़ा अबू बक्र बग़दादी की पत्नी और एक बेटे की गिरफ़्तारी का समाचार सामने आने के बाद एक ईज़दी व्यापारी ने उन्हें लेबनानी सेना से ख़रीदने का आग्रह किया है। इन दोनों को पिछले सप्ताह लेबनान व सीरिया की सीमा पर गिरफ़्तार किया गया था और मंगलवार को घोषणा की गई है कि यह, बग़दादी की पत्नी और उसका बेटा है।
इस रिपोर्ट के अनुसार इस ईज़दी व्यापारी ने कहा है कि वह इन दोनों को इस लिए ख़रीदना चाहता है ताकि इनके बदले उन ईज़दी महिलाओं को छुड़ा सके जिन्हें सीरिया व इराक़ में दास मंडी में आईएसआईएल के लोग बेच रहे हैं। ज्ञात रहे कि आतंकी गुट आईएसआईएल ईज़दी महिलाओं को पकड़ने के बाद उन्हें मूसिल में बनाई गई दास मंडी में और फिर सीरिया के रक़्क़ा नगर में बेच देता है।