20 अक्टूबर 2014 - 20:08
 ईरान, संयुक्त राष्ट्र के साथ सहयोग के लिए तैयार है

ईरान ने आतंकवादी गुटों से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सहयोग की तत्परता जतायी है।

ईरान ने आतंकवादी गुटों से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सहयोग की तत्परता जतायी है।
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी ने कहा कि ईरान, आतंकवादी गुटों से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सहयोग के लिए तय्यार है। उन्होंने ने सोमवार को तेहरान में सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष प्रतिनिधि स्टीफ़न डी मिस्टूरा से भेंट में सीरिया की समस्या को हल करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय कांफ़्रेंसों के परिणामहीन रहने की ओर इशारा करते हुए इस संदर्भ में अपनायी गयी ग़लत नीतियों पर पुनर्विचार की ज़रूरत, सीरिया में शांति की स्थापना में मदद करने और जनता की वास्तविक इच्छा का समर्थन किए जाने पर बल दिया। शमख़ानी ने कहा कि सीरियाई सरकार की विभिन्न सीरियाई गुटों से राजनैतिक वार्ता के लिए तय्यारी के बावजूद कुछ क्षेत्रीय और पश्चिमी देशों के ग़ैर ज़िम्मेदाराना व्यवहार, विरोधियों को हथियार देना और उन्हें जनसंहार के लिए उकसाना, सीरिया में शांति की स्थापना में मुख्य बाधाए हैं।
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च परिषद के सचिव ने सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व प्रतिनिधियों के अनुभवों से लाभ उठाने की ज़रूरत पर बल दिया। उनका कहना था कि सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व प्रतिनिधियों का मानना था कि सीरिया में आतंकवाद का समर्थन रोकना और राष्ट्रीय वार्ता ही इस देश की समस्या का हल है। अली शमख़ानी ने कहा कि ईरान बारंबार इस हक़ीक़त पर बल दे चुका है कि आतंकवाद, उनके समर्थकों के लिए मुसीबत बनेगा और एक बार फिर कहता है कि पहले वाले आतंकवादी गुटों को नियंत्रित करने के लिए नए आतंकवादी गुटों के गठन या क्षेत्र के बाहर के सैन्य हस्तक्षेप से संकट कई गुना गहरा जाएगा।
इस अवसर पर डी मिस्टूरा ने सीरिया की समस्या के हल में ईरान की भागीदारी और उसके अनुभवों से लाभ उठाने की ज़रूरत पर बल देते हुए कहा कि सीरिया के सीमावर्ती शहरों में मानव त्रासदी यह बताती है कि आतंकवाद के ख़तरे से निपटने के लिए क्षेत्र के सभी प्रभावी देशों की भागीदारी पर आधारित उपाय को जल्द से जल्द अपनाया जाए।