19 अक्टूबर 2014 - 18:32
 आतंकियों के विरुद्ध इराक़ी सेना की सफलता

इराक़ी सेना ने आतंकियों के सफ़ाए के अपने अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तिकरीत के कुछ इलाक़ों को अपने नियंत्रण में कर लिया है।

इराक़ी सेना ने आतंकियों के सफ़ाए के अपने अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तिकरीत के कुछ इलाक़ों को अपने नियंत्रण में कर लिया है।
इराक़ी सेना ने सलाहुद्दीन प्रांत के केन्द्र तिकरीत के उत्तरी क्षेत्र अलहुज्जाज से आतंकवादियों को खदेड़ दिया और क्षेत्र में उनके द्वारा बिछाए गए 40 बमों को निष्क्रिय बना दिया।
इराक़ की तीसरी डिविजन के कमान्डर ने बताया कि तिकरीत और बीजी के बीच अलहमरा इलाक़ा भी तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के आतंकियों के अतिग्रहण से आज़ाद हो गया है। दूसरी ओर पूर्वी इराक़ के दियाला प्रांत के पुलिस कमिश्नर जमील अश्शिमरी ने अलमेक़दादिया के उत्तरी क्षेत्रों में 30 से ज़्यादा आतंकवादियों के मारे जाने की सूचना देते हुए बताया कि मारे जाने वालों में इस गुट का सऊदी मुफ़्ती भी शामिल है।
इराक़ी रक्षा मंत्रालय ने इससे पहले बताया था कि इराक़ी युद्धक विमानों ने पश्चिमी इराक़ के अलअंबार प्रांत के रोमादी शहर के आस-पास के क्षेत्रों में आईएसआईएल के चार ठिकानों पर हमला किया जिसमें 60 आतंकवादी मारे गए। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार रविवार की सुबह उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत के तूज़ख़ुरमातू शहर में एक बम धमाका हुआ जिसमें 2 व्यक्ति हताहत और 2 अन्य घायल हुए।
इसी प्रकार एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार बग़दाद के दक्षिण में स्थित मदायन शहर में रविवार को एक आतंकवादी हमले में 5 व्यक्ति हताहत और 12 अन्य घायल हुए। शनिवार की रात भी पूर्वी बग़दाद के बलदियात इलाक़े में कार बम के धमाके में 62 व्यक्ति हताहत व घायल हुए।