18 अक्टूबर 2014 - 18:41
बग़दाद में कार बम के धमाकों में 20 से ज़्यादा हताहत।

पूरे इराक़ में तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ सेना को मिल रही सफलता के बीच राजधानी बग़दाद में अलग अलग कार बम के धमाकों में 20 से ज़्यादा लोग मारे गए।

पूरे इराक़ में तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ सेना को मिल रही सफलता के बीच राजधानी बग़दाद में अलग अलग कार बम के धमाकों में 20 से ज़्यादा लोग मारे गए।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बग़दाद के तीन भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बम धमाके हुए जिसमें कम से कम 23 लोग मारे गए। पहला धमाका बग़दाद के बलदियात इलाक़े में हुआ जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए। दूसरा धमाका बग़दाद के अहमदिया इलाक़े में हुआ जिसमें 5 लोग मारे गए और तीसरा धमाका बग़दाद के करादा इलाक़े में हुआ कि इसमें भी पांच लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि इन धमाकों में लगभग 50 लोग घायल हुए हैं।
कल इससे पहले इराक़ी सेना ने स्वंयसेवी बल के साथ मिल कर राजधानी बग़दाद के उत्तर में तकफ़ीरी आतंकवादियों के सफ़ाए के लिए अभियान  शुरु किया। इराक़ी सेना इसी प्रकार शीया और सुन्नी क़बायली लड़ाकों की मदद से नैनवा और दियाला प्रांतों में भी आगे बढ़ी है।
इराक़ी अधिकारियों का कहना है कि आतंकवादी हमले तकफ़ीरी आतंकवादी कर रहे हैं जिन्होंने इस समय पूर्व बासी शासन के बचे हुए तत्वों से हाथ मिला लिया है।
इराक़ सउदी अरब सहित कुछ क्षेत्रीय देशों पर आतंकवादियों को हथियार व पैसों की मदद करने का भी आरोप लगाता है। पिछले कुछ महीनों से इराक़ में सुरक्षा स्थिति सामान्य नहीं है जबसे विदेश समर्थित आतंकवादियों ने इराक़-सीरिया के सीमावर्ती इलाक़ों पर क़ब्ज़ा किया है।
आईएसआईएल के आतंकवादियों ने अपने क़ब्ज़े वाले इलाक़ों में लोगों के जनसंहार और गर्दन मारने सहित ऐसे अपराध किए हैं जिससे मानवता शर्मा जाए।
जॉर्डन के जानकार अधिकारियों का कहना है कि आईएसआर्ईएल के आतंकवादियों को अमरीका ने 2012 में जॉर्डन में एक छावनी में हल्के और भारी हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी थी।
दूसरी ओर उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत के केन्द्र तिकरीत के पूर्वी भाग में एक मस्जिद पर आतंकवादियों के हमलों में दसियों नमाज़ी हताहत व घायल हुए। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इस हमले में 10 नमाज़ी मारे गए और पंद्रह अन्य घायल हुए। कुछ नमाज़ियों की हालत चिंताजनक बनी हुयी है इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।