30 सितंबर 2014 - 19:00
आतंकवाद से अमेरिका की लड़ाई मात्र एक मज़ाक़।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एडमिरल अली शमख़ानी ने आईएसआईएल के विरुद्ध बने तथाकथित गठबंधन को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि यह गठबंधन एक मज़ाक़ है और इसके समर्थक चोर हैं।

अबनाः ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव एडमिरल अली शमख़ानी ने आईएसआईएल के विरुद्ध बने तथाकथित गठबंधन को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि यह गठबंधन एक मज़ाक़ है और इसके समर्थक चोर हैं।
रिपोर्ट के अनुसार एडमिरल अली शमख़ानी ने लेबनान के सरकारी दौरे के दौरान इस देश के संसद सभापति नबीह बिर्री से भेंट में महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों, दोनों देशों के संबंधों में विस्तार तथा क्षेत्रीय स्थितियों और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसके दुष्परिणामों पर विचार विमर्श किया।
भेंटवार्ता के बाद एडमिरल अली शमख़ानी ने कहा कि हमने क्षेत्रीय स्तर पर होने वाले परिवर्तनों पर विचार विमर्श किया और इस हास्यास्पद गठबंधन पर चर्चा की जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह आतंकवाद से संघर्ष के लिए बनाया गया है। उन्होंने इस तथाकथित गठबंधन के बारे में कहा कि इसके समर्थक चोर हैं और यह इराक़ी जनता और सरकार की मांगों का उत्तर नहीं दे सकता।
उन्होंने ईरान और लेबनान के मैत्रीपूर्ण संबंधों की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, लेबनान की सामरिक सहायता करने को तैयार है। उन्होंने इस बात का खंडन करते हुए कि ईरान ने परमाणु मुद्दे में ढील दिए जाने पर इस गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी, कहा कि हमने यह बात नहीं की।
उन्होंने कहा कि ईरान के लिए यह गर्व की बात है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के गठन से लेकर अब तक वह हर मामले से पाक साफ़ रहा है और सदैव ही उसने आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष पर बल दिया है।