7 सितंबर 2014 - 19:13
दाइश आतंकवादियों पर अमरीका के हवाई हमले।

इराक़ में पूर्वी दियाला प्रांत की सेना के कमान्डर ब्रिगेडियर जनरल जमील शम्मरी ने बताया है कि पूर्वी बाक़ूबा के बलदरूज़ में व्याप्क स्तर पर सैन्य अभियान आरंभ कर दिया गया है।

अबनाः इराक़ में पूर्वी दियाला प्रांत की सेना के कमान्डर ब्रिगेडियर जनरल जमील शम्मरी ने बताया है कि पूर्वी बाक़ूबा के बलदरूज़ में व्याप्क स्तर पर सैन्य अभियान आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य, पूर्वोत्तरी बाक़ूबा के अरवाइया बांध से आईएस के निंयत्रण को समाप्त करके क्षेत्र पर पुनः नियंत्रण प्राप्त करना है।
सूमरिया न्यूज़ ने जमील शम्मरी के हवाले से रिपोर्ट दी है कि सेना और पुलिस के साथ साथ स्वयंसेवी बल भी इस अभियान में भाग ले रहे हैं। उनका कहना था कि इस अभियान में युद्धक विमानों की भी सहायता ली जाएगी। उनका कहना था कि इस अभियान पर कार्यवाही शनिवार की शाम से आरंभ हो गयी है।
ब्रिगेडियर जनरल शम्मरी का कहना था कि पूर्वी बाक़ूबा से तीस किलोमीटर दूर बलदरूज़ में अरवाइया बांध के पानी को आतंकवादियों ने रोक दिया है और जिसके कारण स्थानीय लोगों को दस दिनों से पानी की समस्या का सामना है। उनका कहना था कि यदि यह कार्यवाही जारी रही तो इस क्षेत्र में भीषण मानवीय त्रासदी पैदा हो जाएगी।
दूसरी ओर से सूचना है कि अमरीकी और इराक़ी सेना ने अलहदीसा बांध को आतंकियों के कब्ज़े से छुड़ाने के लिए संयुक्त रूप से कार्यवाही आरंभ करते हुए आतंकियों के ठिकानों पर वायु हमले किए हैं।
ज्ञात रहे कि आईएस ने उत्तरी मेक़दादिया की अरवाइया बांध पर नियंत्रण करके क्षेत्र के लोगों के लिए इस बांध के पानी को रोक दिया है।