3 सितंबर 2014 - 16:33
पाकिस्तानः अमरीका मौके की तलाश में।

पाकिस्तान में जारी राजनैतिक संकट के समाधान की आशा प्रकट होने के साथ ही अमरीका ने सभी पक्षों से कहा है कि वे अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से सुलझाएं।

अबनाः पाकिस्तान में जारी राजनैतिक संकट के समाधान की आशा प्रकट होने के साथ ही अमरीका ने सभी पक्षों से कहा है कि वे अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से सुलझाएं।
अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जेन साकी ने वाशिंग्टन में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान में सरकार विरोधी दलों को देश में प्रजातंत्र की मज़बूती के लिए काम करना चाहिए। इससे पहले के बयानों में अमरीकी विदेश मंत्रालय ने सरकार गिराने के सभी उग्र प्रयासों का विरोध किया था और यह भी स्पष्ट कर दिया था कि पाकिस्तान में परिवर्तन लाने हेतु संविधान से इतर हर प्रयास का विरोध किया जाएगा किंतु जेन साकी ने पत्रकार सम्मेलन में सरकार और विरोधियों के बीच सुलह सफ़ाई की आवश्यकता पर बल दिया।
इस प्रश्न के उत्तर में कि यदि नवाज़ शरीफ़ सरकार के विरुद्ध सैन्य विद्रोह हो जाता है तो अमरीका की प्रतिक्रिया क्या होगी? जेन साकी ने कहा कि हम परिणाम के बारे में किसी प्रकार की भविष्यवाणी नहीं करेंगे। उन्होंने इसी के साथ पूर्व अमरीकी राजदूत कैमरून मेंटर के इस बयान पर टिप्पणी करने से इन्कार दिया कि यदि पाकिस्तान में सैन्य विद्रोह हुआ तो अमरीका उस पर प्रतिबंध लगा देगा।