अबनाः कुछ अमरीकी अधिकारियों ने मिस्र और संयुक्त अरब इमारात पर त्रिपोली पर हवाई हमले का आरोप लगाया है।
अमरीकी अधिकारियों ने नाम प्रकट न किए जाने की शर्त पर कहा कि मिस्र और सयुंक्त अरब इमारात, एक हफ़्ते से त्रिपोली में लीबियाई छापामारों के ठिकानों पर अज्ञात विमानों से हुयी बमबारी के लिए ज़िम्मेदार हैं।
न्यूयार्क टाइम्ज़ के अनुसार मिस्र और संयुक्त अरब इमारात यह हमले अमरीका से समन्वय के बिना कर रहे हैं। जबकि मिस्र ने लीबिया में हवाई हमले या किसी प्रकार की फ़ौजी कार्यवाही का खंडन किया है जबकि संयुक्त अरब इमारात ने अभी तक इस संदर्भ में कोई प्रतिक्रिया नहीं जतायी है।
अमरीका, ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी और इटली ने सोमवार की रात एक बयान में लीबिया में विदेशी हस्तक्षेप की ओर से सचेत करते हुए, बिना किसी देश का नाम लिए हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यवाही से लीबिया में केवल मौजूदा मतभेद बढ़ेंगे और इस देश में प्रजातांत्रिक प्रक्रिया के मार्ग में रुकवाट बनेंगे।
न्यूयार्क टाइम्ज़ ने अमरीकी अधिकारियों के हवाले से उनके नाम के उल्लेख के बिना कहा है कि मिस्र ने केवल अपनी हवाई छावनी हवाले की और संयुक्त अरब इमारात ने विमान, पायलेट और उड़ान की ज़रूरतों को पूरा किया है।
अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जेन साकी ने इस समाचार पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया से इंकार किया किन्तु संयुक्त राष्ट्र संघ में लीबिया के दूत इब्राहीम दब्बाशी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मिस्र और संयुक्त अरब इमारात लीबिया में फ़ौजी हस्तक्षेप करेंगे। लीबियाई सरकार का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि इन हमलों के पीछे कौन है। विद्रोही जनरल ख़लीफ़ा हफ़्तर ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है जबकि उनके पास इस प्रकार के हमले करने वाले उपकरण नहीं है।
26 अगस्त 2014 - 18:13
समाचार कोड: 633693
कुछ अमरीकी अधिकारियों ने मिस्र और संयुक्त अरब इमारात पर त्रिपोली पर हवाई हमले का आरोप लगाया है।