18 अगस्त 2014 - 12:23
तिकरीत में दाइश के 11 आतंकवादियों ने  हथियार डाल दिये।

दाइश के 11 आतंकवादियों ने तिकरीत में इराक़ी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

अबनाः दाइश के 11 आतंकवादियों ने तिकरीत में इराक़ी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
सोमरिया समाचार एजेन्सी के अनुसार इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत के विश्वस्त सूत्रों ने बताया है कि सोमवार की सुबह तिकरीत के अज़्ज़लूईया इलाक़े में दाइश के 11 आतंकवादियों ने सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इराक़ की सेना द्वारा तूज़ख़ूरमातू इलाक़े पर पूरी तरह से कंट्रोल करने और आतंकवादियों को नुक़सान पहुंचाने के बाद दाइश के आतंकवादियों ने मजबूर होकर इराक़ी सैनिकों के सामने आत्म समर्पण किया है।
अलअंबार प्रांत में सैनिक कार्यवाही का नेतृत्व करने वाले कमांडर रशीद फ़लीह ने बताया है कि रविवार की सुबह रोमादी में एक झड़प के दौरान दाइश के कई आतंकवादी अपने कुछ प्रमुखों के साथ मारे गए।
इसी बीच तिकरीत के अज़्ज़लूईया के उत्तर में स्थित ख़ज़रज में एक कार बम विस्फोट में 10 आतंकवादी मारे गए।
ग़ौरतलब है कि इराक़ के सलाहुद्दीन, दियाला, नैनवा, अलअंबार और कुछ अन्य प्रांतों में आतंकवादी संगठन दाइश के विरुद्ध सेना की कार्यवाही जारी है।