12 अगस्त 2014 - 18:10
इराक़ में दाइश के ख़िलाफ़ अमरीकी लड़ाई दिखावटी।

ईरान की इस्लामी संसद में नेशनल सिक्योरिटी और फ़ॉरेन पॉलीसी कमीशन के प्रमुख ने अलआलम टीवी चैनेल को दिये अपने इंटरव्यू में कहा है कि वह अमरीकी जिन्होंने सीरिया, इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी गुटों को मज़बूत किया है, अब वही सीमित स्तर पर इराक़ में दाइश के विरुद्ध कार्यवाही कर रहे हैं।

अबनाः अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने इराक़ में दाइश के विरुद्ध अमरीका की कार्यवाही को दिखावटी बताया है। ईरान की इस्लामी संसद में नेशनल सिक्योरिटी और फ़ॉरेन पॉलीसी कमीशन के प्रमुख ने अलआलम टीवी चैनेल को दिये अपने इंटरव्यू में कहा है कि वह अमरीकी जिन्होंने सीरिया, इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवादी गुटों को मज़बूत किया है, अब वही सीमित स्तर पर इराक़ में दाइश के विरुद्ध कार्यवाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह वह यह दिखाना चाहते हैं कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष जारी है।
बुरूजर्दी ने इराक़ के हालिया परिवर्तनों के संदर्भ में कहा कि इराक़ संकट का समाधान इराक़ियों विशेषकर वहां के उन वरिष्ठ लोगों के माध्यम से हो जिनकी भूमिका इस देश की सम्सयाओं के समाधान में रही है। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि इस्लामी रिपब्लिक ईरान, इराक़ में हर तरह के आंतरिक हस्तक्षेप का विरोधी है कहा कि इस देश के बारे में फ़ैसला लेने का अधिकार इराक़ियों को होना चाहिए।
अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के बारे में कहा कि हमारे कुर्द दोस्तों को समीकरणों को समझने में ग़लती हुई। वह लोग यह सोच रहे थे कि अगर हम दाइश के साथ सहयोग करेंगे तो दाइश के आतंकवादी हमारी ओर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि हमने अपने कुर्द भाइयों को बता दिया था कि दाइश किसी पर दया न करने वाला आतंकवादी संगठन है। वह उस योजना को अमली कर रहा है जो उसे दी गई है। बुरूजर्दी ने कहा कि ईरान ने कुर्दों और इराक़ की केन्द्रीय सरकार को सूचित कर दिया था कि दाइश के विरुद्ध उनकी सहायता करने के लिए तैयार है।
ईरान की संसद में नेशनल सिक्योरिटी और फ़ॉरेन पॉलीसी कमीशन के प्रमुख बुरूजर्दी ने कहा कि क्षेत्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान और अमरीका के दृष्टिकोणों में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि नीतियों में समानता, किसी भी रूप में निकट होने के अर्थ में नहीं है। उदाहरण स्वरूप ईरान और अमरीका दोनों ने बोसिनया में सहायता की लेकिन यह विषय दोनों देशों की नीतियों के निकट होने को नहीं दर्शाता।
अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने ग़ज़्ज़ा संकट के बारे में कहा कि ग़ज़्ज़ा के असमान युद्ध में प्रतिरोध ने ज़ायोनियों को पराजित किया है। उन्होंने कहा कि ईरान, फ़िलिस्तीन की मज़लूम जनता की हर संभव सहायता करने के लिए हमेशा तैयार है। अलाउद्दीन बुरूजर्दी ने कहा कि दुनिया को अच्छी तरह पता है कि इस्लामी रिपब्लिक ईरान फ़िलिस्तीन के प्रतिरोध का समर्थक है।