सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद की वरिष्ठ सलाहकार बुसैना शाबान ने कहा है कि पिछले महीने होने वाले रासायनिक हमले के लिए अलक़ायदा से जुड़े हुए आतंकवादी ज़िम्मेदार हैं।
राजनैतिक मामलों में राष्ट्रपति की सलाहकार बुसैना शाबाद ने पश्चिमी देशों के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि जिस प्रकार यह संगठन सीरिया की जनता के जनसंहार महिलाओं से दुराचार और ईसाई धर्मगुरुओं के अहपरण और हत्या के लिए ज़िम्मेदार है उसी प्रकार दमिश्क के निकट होने वाले आक्रमण के लिए भी अलक़ायदा ज़िम्मेदार है।
बुसैना शाबान ने कहा कि जिन लोगों ने लंदन की ट्यूब में ब्रिटिश नागरिकों को मारा, जिनहोंने 11 सितम्बर को न्यूयार्क में अमरीकी नागरिकों का जनसंहार किया, वही माली में, वही लीबिया में, वही इराक़ में और वही सीरिया में भी आम नागरिकों की जानें ले रहे हैं। उन्होंने अमरीका तथा उसके घटक देशों को जो सीरिया के विरुद्ध हमले के लिए पर तोल रहे हैं सुझाव दिया कि रासायनिक शस्त्रों के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेषज्ञों की रिपोर्ट के परिणाम आने की प्रतीक्षा करें जो इसी महीने के अंत तक सामने आने वाला है। सुश्री शाबान ने कहा कि यह लोग वही झूठ और वही आरोप हमारे देश पर आक्रमण के लिए प्रयोग कर रहे हैं जो उन्होंने इराक़ युद्ध के लिए प्रयोग किया था।