इस्लामी गणतंत्र ईरान के रक्षा मंत्री ने क्षेत्र में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति को क्षेत्र में अस्थिरता में वृद्धि तथा आंतकवादियों और चरमपंथियों के अधिक शक्तिशाली होने का कारण बताया है।
रक्षा मंत्री ब्रिग्रेडियर जनरल, हुसैन देहक़ान ने बुधवार को तेहरान में पत्रकारों से वार्ता के दौरान, सीरिया पर अमरीका के संभावित आक्रमण के बारे में कहा कि क्षेत्र में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति से क्षेत्र में अधिक अस्थिरता होगी और संकट क्षेत्र के अन्य देशों तक फैल जाएगा।
उन्होंने इस बात का वर्णन करते हुए कि अमरीका को इराक़ और अफगानिस्तान में गंभीर चुनौतियों का सामना है और अब भी इन देशों पर आक्रमणों से उपजी समस्याओं में ग्रस्त है, कहा कि यदि अमरीकी, सीरिया पर आक्रमण करते हैं तो युद्ध आरंभ करना उनके हाथ में होगा किंतु उसे समाप्त करना अमरीका के बस में नहीं होगा।
रक्षा मंत्री ने इस दावे के बारे में कि ईरान, सीरिया की शस्त्रों और आवश्यक सामरिक साधनों से सहायता कर रहा है कहा कि सीरिया को विशेष साधनों की आवश्यकता नहीं है क्योंकि उसके पास रक्षा और आक्रमण के लिए आवश्यक साधन और शस्त्र उपलब्ध हैं।