31 जुलाई 2013 - 19:30
पाकिस्तान के साथ सहयोगपूर्ण संबन्ध चाहते हैं

भारत के विदेश सचिव का कार्यभार संभालने वाली सुजाता सिंह ने कहा कि उनकी तात्कालिक प्राथमिकता पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की होगी।

भारत के विदेश सचिव का कार्यभार संभालने वाली सुजाता सिंह ने कहा कि उनकी तात्कालिक प्राथमिकता पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की होगी।  उन्होंने बल देकर कहा कि भारत, आतंक मुक्त वातावरण में पाकिस्तान के साथ सहयोगपूर्ण संबंध चाहता है।  इससे पहले जर्मनी में भारत की राजदूत रही ५९ वर्षीय सुजाता सिंह ने कहा कि भारत की नीति सदैव ही पाकिस्तान के साथ शांतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक संबंध बनाने की रही है।  उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से इसके लिए हिंसा और आतंक मुक्त वातावरण की आवश्यकता है।  सुजाता सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के साथ वार्ता वर्ष २०११ में आरंभ की गई थी।   इसके बाद से दो दौर की बातचीत हुई और हम चीजों को आगे बढ़ायेंगे।  उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अब नई सरकार है और हम उन चीजों को आगे बढ़ायेंगे जहां पुरानी सरकार के समय छोड़ा था।  ज्ञात रहे कि सुजाता सिंह ने रंजन मथाई का स्थान लिया और उनका कार्यकाल दो वर्षों का होगा।