मिस्र में विपक्षी दलों ने सेना को क़ानूनी कार्यवाही से अपवाद बनाने के सरकार के प्रयास के विरुद्ध ज़बरदस्त रैली निकाली है। आज राजधानी क़ाहेरा में विपक्ष के इस्लामी व लिब्रल दलों से संबंधित हज़ारों लोगों ने तहरीर स्क्वायर पर रैली निकाल कर सेना को क़ानूनी सुरक्षा प्रदान करने हेतु संविधान में परिवर्तन के सैन्य सरकार के प्रयास के विरुद्ध भव्य रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने घोषणा की कि यह रैली, क्रांति की रक्षा के लिए निकाली गई है। लोगों ने बल देकर कहा कि जनता की मांगें, क्रांति की मांगें हैं और जब तक ये मांगें पूरी नहीं होंगीं, रैलियों और धरनों का क्रम जारी रहेगा। ज्ञात रहे कि मिस्र के उप प्रधानमंत्री अली सिलमी ने देश के राजनैतिक दलों को संविधान का एक मसौदा दिखाया है जिसमें देश के आंतरिक मामलों और बजट के संबंध में सेना को विशेष अधिकार दिए गए हैं। मसौदे में इसी प्रकार सेना को क़ानूनी सुरक्षा दिए जाने की भी बात कही गई है।
समाचार समाप्त
.........
166