18 जुलाई 2011 - 19:30

सीरिया में अमरीकी दूत रॉबर्ट फ़ोर्ड ने एक हस्तक्षेपपूर्ण बयान में सीरियाई जनता को सीविल अवज्ञा की दावत देते हुए बश्शार असद की सरकार के निकट भविष्य में अंत की बात कही....

सीरिया में अमरीकी दूत रॉबर्ट फ़ोर्ड ने एक हस्तक्षेपपूर्ण बयान में सीरियाई जनता को सीविल अवज्ञा की दावत देते हुए बश्शार असद की सरकार के निकट भविष्य में अंत की बात कही। पर्यवेक्षकों का मानना है कि अमरीका सीरिया की राजनैतिक व्यवस्था को क्षति पहुंचा कर क्षेत्र में ज़ायोनी शासन के विरुद्ध मोर्चे को कमज़ोर करना चाहता है। रॉबर्ट फ़ोर्ड ने हाल में दमिश्क़ में कहा कि सीरिया की जनता इस देश की व्यवस्था का अंत कर सकती है। उन्होंने पिछले सप्ताह बिना अनुमति के सीरिया के अशांत नगर हमात की यात्रा की और एक ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयान में इस नगर की जनता को बश्शार असद के विरुद्ध उकसाया। रॉबर्ट फ़ोर्ड ने कूटनैतिक सीमाओं को लांघते हुए सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से सुधार के लिए कड़े निर्णय लेने की बात कही। दमिश्क़ ने भी अपने आंतरिक मामलों में अमरीकी हस्तक्षेप पर प्रतिक्रिया देते हुए बल दिया कि रॉबर्ट फ़ोर्ड की बिना अनुमति की हमाह नगर की यात्रा, सीरिया की हालिया अशांति में अमरीका की संलिप्तता का ठोस साक्ष्य है। सीरिया के विदेश मंत्रालय ने अमरीका को सचेत करते हुए बल दिया कि अमरीका के कुप्रयास निरुत्तर नहीं रहेंगे। अमरीकी राजदूत का भड़काउ बयान ऐसे समय में सामने आया है कि तुर्की ने भी सीरिया की व्यवस्था के विरोधियों की कई बार मेज़बानी की। दो दिन पूर्व तुर्की ने इस्तांबोल नगर में सीरिया के बाहर रहने वाले सीरियाई विरोधियों की एक दिवसीय बैठक की मेज़बानी की। यह तीसरी बार है जब सीरिया के विरोधियों ने तुर्की में बैठक की। सीरियाई विरोधियों की पहली बैठक 26 अप्रैल को इस्तांबोल में और दूसरी बैठक जून के आरंभ में अंतालिया नगर में आयोजित हुयी। तुर्क अधिकारी इस औचित्य को पेश करते हुए कि क्षेत्र में परिवर्तन की आवश्यकता है सीरियाई अधिकारियों से शीघ्र सुधार कर स्वंय को जनता के क्रोध से बचाने की बात कही। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस समय तुर्की सीरिया की आंतरिक स्थिति पर अपना प्रभाव डालना चाहता है। यह ऐसा क़दम है जिसे सीरिया अपने आंतरिक मामले में खुला हस्तक्षेप मानता है।(एरिब डाट आई आर के धन्यवाद के साथ).....166