नजफ: इराक के पवित्र शहर नजफ में रहने वाले शिया मुसलमानों के वरिष्ठ धर्मगुरु और मरजा-ए-तकलीद आयतुल्लाह सैयद अली सीस्तानी ने ईरान के पवित्र शहर क़ुम के वरिष्ठ धर्मगुरु आयतुल्लाह हाज शेख हुसैन वहीद खुरासानी के निधन पर शोक संदेश जारी किया है।
अल-नुजबा चैनल के अनुसार आयतुल्लाह सीस्तानी ने अपने संदेश में आयतुल्लाह वहीद खुरासानी के निधन पर गहरा दुख और अफसोस जताया।
संदेश में कहा गया कि क़ुम के हौज़ा ए इल्मिया महान शिक्षक, अज़ीम आलिम और वरिष्ठ मरजा-ए-तकलीद आयतुल्लाह हाज शेख हुसैन वहीद खुरासानी का निधन बेहद दुखद है।
आयतुल्लाह सीस्तानी ने कहा कि इमामत और विलायत के सिद्धांतों तथा पैगंबर के पवित्र परिवार (अहलेबैत) की शिक्षाओं की रक्षा में आयतुल्लाह वहीद खुरासानी की अहम भूमिका सभी के सामने है। धार्मिक शिक्षा, उपदेश और मार्गदर्शन के क्षेत्र में कई वर्षों तक उनकी असाधारण सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी।
उन्होंने दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह उन्हें उनकी सेवाओं का बेहतरीन बदला दे, जन्नत में उनका दर्जा बुलंद करे और उन्हें पैगंबर-ए-इस्लाम तथा उनके पवित्र परिवार के साथ स्थान प्रदान करे।
आयतुल्लाह सीस्तानी ने अपने संदेश में इस बड़े दुख के मौके पर इमाम महदी (अ.ज.) की बारगाह, धार्मिक शिक्षा केंद्रों के मरजा और उलमा, दिवंगत के परिवारजनों, चाहने वालों और विशेष रूप से उनके बेटों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने अल्लाह से प्रार्थना की कि दिवंगत की आत्मा को उच्च दर्जा मिले और उनके परिवार सहित सभी शोकाकुल लोगों को धैर्य और हौसला प्रदान हो।
आपकी टिप्पणी