8 नवंबर 2026 - 17:51
सऊदी अरब ने यमन में मचाई तबाही, 24 घंटे के दौरान 83 लोगों की मौत और घायल 

तनाव बढ़ने के बाद से अब तक सऊदी हमलों में कुल 340 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 724 लोग घायल हुए हैं। इस तरह मृतकों और घायलों की कुल संख्या बढ़कर 1,064 हो गई है।

सनआ: यमन में पिछले 24 घंटों के दौरान सऊदी अरब के हवाई हमलों में 83 आम नागरिकों के मारे जाने और घायल होने का दावा किया गया है। सना स्थित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में 34 लोगों की मौत हुई है, जबकि 49 लोग घायल हुए हैं। मरने और घायल होने वालों में बड़ी संख्या बच्चों की बताई जा रही है।

 यमन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘सबा’ ने स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के हवाले से यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने बताया कि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, तनाव बढ़ने के बाद से अब तक सऊदी हमलों में कुल 340 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 724 लोग घायल हुए हैं। इस तरह मृतकों और घायलों की कुल संख्या बढ़कर 1,064 हो गई है।

इस बीच यमन के सशस्त्र बलों ने सऊदी हमलों के जवाब में सैन्य कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। यमन के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरीअ ने शनिवार को दावा किया कि यमनी सेना ने सऊदी अरब के अंदर छह विशेष सैन्य अभियान चलाए।

उनके मुताबिक, इन अभियानों में रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, तेल भंडार, अरामको कंपनी के तेल शोधन संयंत्र और खुरैस स्थित अरामको के ठिकानों को निशाना बनाया गया।

याह्या सरीअ ने एक अलग बयान में दावा किया कि सऊदी लड़ाकू विमानों ने पिछले कुछ घंटों के दौरान यमन में 105 हवाई हमले किए।

उनके अनुसार, इन हमलों में राजधानी सना के अलावा अल-जौफ, ताइज, अमरान, हज्जा, सादा, मारिब और लहज प्रांतों के इलाकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।

गौरतलब है कि यमन में सऊदी अरब और यमनी सशस्त्र बलों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों पक्षों की सैन्य कार्रवाइयों के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha