यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोगान से मुलाकात और बातचीत के लिए इस्तांबुल पहुंच गए हैं।
तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलु के अनुसार, ज़ेलेंस्की अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ तुर्की पहुंचे हैं, जहां उनकी राष्ट्रपति अर्दोगान के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों की योजना है।
ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह अपनी टीम के साथ इस्तांबुल पहुंच चुके हैं और तुर्की के राष्ट्रपति के साथ महत्वपूर्ण बातचीत करेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन की सुरक्षा को मजबूत करने और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही, दोनों पक्ष कुछ महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसरों पर भी विचार कर रहे हैं।
ज़ेलेंस्की ने काला सागर में समुद्री यातायात और सुरक्षा के मुद्दे को भी महत्वपूर्ण बताया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अपने तुर्किये दौरे के दौरान वह कॉन्स्टेंटिनोपल के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख बार्थोलोम्यू से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने यूक्रेन का समर्थन करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
इससे पहले तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय के संचार प्रमुख बुरहानुद्दीन दुरान ने बताया था कि अर्दोगान और ज़ेलेंस्की की मुलाकात में दोनों देशों के आपसी संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी।
बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, काला सागर की सुरक्षा स्थिति और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी विचार-विमर्श किए जाने की उम्मीद है।
आपकी टिप्पणी