शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने वाले स्रिविजया एयरलाइंस के इस विमान पर 62 लोग सवार थे।
अधिकारियों का कहना है कि रविवार को ब्लैक बॉक्स और फ़्लाइट डेटा रिकॉर्डर्स के लोकेशन का पता लगा लिया गया है, इससे दुर्घटना के कारणों और दुर्घटना के समय विमान में 62 लोगों के साथ क्या हुआ, यह समझने में आसानी होगी।
इंडोनेशियाई गोताख़ोरों ने जावा सागर में विमान के मलबे के कुछ हिस्सों को खोज लिया था। बचाव दल ने पानी से शरीर के अंगों, कपड़ों के टुकड़ों और धातु के स्क्रैप को बाहर निकाला है।
दुर्घटनाग्रस्त विमान की खोज के लिए 10 से ज़्यादा जहाज़ों को नौसेना के गोताख़ोरों के साथ साइट पर तैनात किया गया था।
इस विमान ने राजधानी जकार्ता से कालीमंतन प्रांत के पोंतिअनक के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन चार मिनट के अंदर ही उसका रडार से संपर्ट टूट गया था।
एक फ़्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, विमान एक मिनट से भी कम समय में 10 हज़ार फ़ीट नीचे आ गया था।