ऐसा लगता है कि अंतिम सांसें ले रही ट्रम्प सरकार को अच्छी तरह से अंदाज़ा हो गया है कि सैनिकों का जमावड़ा और विमानवाहक युद्धपोत और परमाणु पनडुब्बियां पशियन गल्फ भेजने से, ईरानी नेता को डराने का उसका मक़सद कभी पूरा नहीं हो सकता और शायद इसी वजह से उसने तनाव कम करने का फैसला किया और अमरीकी रक्षा मंत्री क्रिस्टोफर मिलर ने " यूएसएस नीमिट्ज़ " को परशियन गल्फ से वापस आने का आदेश दे दिया।
अमरीकी सरकार का कहना है कि विमान वाहक युद्धपोत को इस लिए वापस बुला लिया गया है क्योंकि उसने बी-52 बमवर्षक विमान मध्य पूर्व में भेज दिये हैं लेकिन यह दो विमान, विमानवाहक युद्धपोत की जगह कैसे ले सकते हैं? सच्चाई यह है कि ईरान के साथ एक दूसरे के कान खींचने की लड़ाई में पहले चीख अमरीका की निकल गयी है।
ईरानी, हम ईरानी जनता और नेता दोनों की बात कर रहे हैं, निश्चित रूप से जनरल क़ासिम सुलैमानी की हत्या का बदला लेंगे, लेकिन वह जल्दबाज़ नहीं हैं, बल्कि ईरानी जो भी फैसला करते हैं और जो काम भी करते हैं उसे सफलता को निश्चित बनाने वाली सटीक योजना के साथ और बड़े धैर्य व संयम के साथ करते हैं और अगर यह न होता तो अमरीका के परोक्ष व अपरोक्ष युद्धों और कड़े प्रतिबंधों के बावजूद वह अपनी क्रांति की सफलता की चालीसवें वर्षगांठ न मना पाते।
ईरानी न्यायपालिका के प्रमुख और पिछले चुनाव में राष्ट्रपति रूहानी के महत्वपूर्ण प्रतिस्पर्धी, सैयद इब्राहीम रईसी ने शुक्रवार को बड़ा खतरनाक बयान दिया। उन्होंने कहा कि " सुलैमानी के क़ातिल दुनिया के किसी भी हिस्से में सुरक्षित नहीं रहेंगे"
उन्होंने कहा कि " यहां तक कि जनरल सुलैमानी की हत्या का आदेश देने वाले राष्ट्रपति ट्रम्प भी न्याय के हाथों से बच नहीं पाएंगे जैसा कि इस हत्या में शामिल कोई भी व्यक्ति बच नहीं पाएगा। "
ईरानी न्यायपालिका के प्रमुख की यह सीधी धमकी, सत्ता से निकलने के बाद ट्रम्प का चैन छीन लेगी और वह अपने जीवन की अंतिम सांस तक भय में रहेंगे क्योंकि उन्हे यह नहीं पता होगा कि बदले की गोली किस तरफ से आएगी और जिस तरह के ट्रम्प हैं उसे देखते हुए यह स्थिति उनके लिए नर्क से भी बुरी होगी।
अमरीका ईरान के सामने बुरी तरह से हार चुका है, उसकी तरफ से अभूतपूर्ण प्रतिबंध, ईरानी व्यवस्था को खत्म नहीं कर पाए, उसकी धमकियों और सैनिकों के जमावड़े भी ईरान को घुटना टेकने पर मजबूर नहीं कर पाए और न ही अब तक वह ईरान को सफेद झंडा उठाने पर तैयार कर पाए लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि टकराव खत्म हो गया है, यह बचे हुए कुछ दिन अपने गर्भ में चौंकाने वाली चीज़ें लिए हुए हो सकते हैं...