28 दिसंबर 2020 - 16:38
किसान आंदोलन को गुमराह करने की कोशिश, अज्ञात कॉलर की हथियारों की पेशकश, किसान नेता को मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज....

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में शामिल भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत को जान से मारने की धमकी मिली है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टिकैत के निजी सहायक अर्जुन बालियान ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक अज्ञात कॉलर ने किसान नेता को जान से मारने की धमकी दी है।

उन्होंने कहा कि शिकायत में उल्लेखित फ़ोन नंबर को सर्विलांस पर डाला गया है और फ़ोन करने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं, फोन कॉल शनिवार शाम को आई थी।

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि बिहार से एक फ़ोन आया था, जिसमें कहा गया हथियारों की ज़रूरत है क्या? बताओ कितने हथियार भिजवाने हैं, तुम्हें मारने का प्लान है।

जान से मारने की धमकी के बाद उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद स्थित कौशांबी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। यह मामला आईपीसी की धारा-507 के तहत दर्ज किया गया है, जो गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी के आरोपों के लिए है।

टिकैत की सुरक्षा के लिए ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

ज्ञात रहे कि कृषि क़ानूनों के लेकर दिल्ली की सीमाओं पर हो रहे प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए किसान संगठनों और केंद्र सरकार के बीच हो रही बातचीत में शामिल किसान नेताओं में से एक भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत भी हैं।