अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में बम धमाके और बंदूक़ के हमले की अलग अलग घटना में कम से कम 3 लोग मारे गए। यह घटना, ऐसे समय हुयी है जब एक दिन पहले यह शहर मॉर्टर शेलिंग से दहल चुका है।
काबुल पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता फ़िरदौस फ़रामर्ज़ के मुताबिक़, रविवार को उत्तरी काबुल में आमर्ड वाहन में लगा गया बम विस्फोटित हुआ जिसमें कम से कम 2 लोग मारे गए और 2 अन्य घायल हुए।
रिपोर्ट मिलने तक इस घटना के बारे में अधिक ब्योरा सामने नहीं आया था।
पुलिस प्रवक्ता फ़रामर्ज़ ने यह भी बताया कि पूर्वी काबुल के कर्ते नूर इलाक़े में सरकारी अभियोक्ता को गोली मार दी गयी। उन्हें उस वक़्त गोली मारी गयी जब वह अपने दफ़्तर जा रहे थे।
इन हमलों के लिए किसी व्यक्ति या संगठन ने रिपोर्ट मिलने तक ज़िम्मेदारी नहीं ली थी।
ग़ौरतलब है कि रविवार को ये हमले ऐसी हालत में हुए हैं कि शनिवार को दाइश के आतंकियों ने काबुल पर मॉर्टर शेलिंग की थी जिसमें 1 आदमी हताहत और 1 घायल हुआ था।
अफ़ग़ानिस्तान में हालिया महीनों में हुए अनेक हमलों की ज़िम्मेदारी दाइश ने क़ुबूल की थी। इन हमलों में स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों पर भयानक हमले भी शामिल हैं, जिनमें 50 लोग मारे गए। मरने वालों में ज़्यादातर स्टूडेंट थे।