2 नवंबर 2020 - 19:14
इस्राईल में फिर घुसे ग़ज़्ज़ा से ड्रोन, इस्राईल का मार गिराने का दावा

सऊदी मीडिया ने दावा किया है कि इस्राईल ने ग़ज़्ज़ा से भेजे गये एक ड्रोन विमान को मार गिराया है।

फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के अलअरबिया न्यूज़ ने एलन किया है कि ज़ायोनी शासन ने सोमवार को ग़ज़्ज़ा से भेजे गये एक ड्रोन विमान को मार गिराया है।  

इस्राईली सेना ने भी एलान किया है कि उसने एक ड्रोन विमान का पता लगाया और संभवता वह ग़ज़्ज़ा से इस्राईल की ओर भेजा गया होगा। इस्राईली सेना के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा है कि इस्राईली बस्तियों की ओर ग़ज़्ज़ा से ड्रोन विमान के घुसने की सूचना के बाद युद्धक विमानों को आर्डर दिया गया कि वे ग़ज़्ज़ा के आसपास उड़ानें भरें।

इस्राईली सेना के बयान में आया है कि क्षेत्र में उड़ान भरते हुए एक ड्रोन विमान नज़र आया जिसकी जांच की जा रही है। हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड ने कुछ साल पहले ही अबाबील नामक ड्रोन विमान हासिल किया था।  हमास इन ड्रोन विमानों को जासूसी, हमले और आत्मघाती हमले के लिए लिए प्रयोग करता रहा है।

प्रतिरोधकर्ता गुटों ने हाल ही में अपने छोटे ड्रोन विमानों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में इस्राईली सेना की गतिविधियों पर नज़र रखने का काम तेज़ कर दिया है।