17 जुलाई 2016 - 17:38

यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों के जवाबी हमले में सऊदी गठबंधन के मरने वाले सैनिकों की संख्या 250 से अधिक हो गई है।

यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों के जवाबी हमले में सऊदी गठबंधन के मरने वाले सैनिकों की संख्या 250 से अधिक हो गई है।
यमनी सूत्रों के हवाले से मिलने वाली रिपोर्टों के अनुसार यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों ने दक्षिण पश्चिमी यमन में सऊदी गठबंधन सैनिकों के एक मुख्य केंद्र पर मिज़ाइल से हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक़ यह मिज़ाइल ठीक सऊदी गठबंधन सैनिकों के ऑपरेशन रूम में जा गिरा जहां पर उस समय सऊदी गठबंधन के सैकड़ो सैनिक मौजूद थे, जानकारी के अनुसार इस हमले में 250 से अधिक सैनिक मारे गए हैं जबकि घायल होने वालों की संख्या भी 200 से अधिक बताई जा रही है।
सऊदी सूत्रों के अनुसार अभी हाल ही में सऊदी गठबंधन सैनिकों ने बाबुल मंदब के पास एक सैन्य ऑपरेशन रूम स्थापित किया था जो रविवार को यमनी सेना के मिज़ाइल हमले में तबाह हो गया।
अल-मसीरा टीवी चैनल के अनुसार यमनी सेना के इस हमले में सऊदी गठबंधन सेना को भारी वित्तीय नुकसान भी पहुंचा है। इस हमले से बाबुल मंदब के पास सऊदी गठबंधन सेना के हथियारों का बड़ा गोदाम और कई सैन्य वाहन भी नष्ट हुए हैं।
रिपोर्टों में बताया गया है कि इस हमले में सऊदी गठबंधन के घायल सैनिकों को हेलिकाप्टरों के माध्यम से बाहर ले जाया गया।
उल्लेखनीय है कि यमन के अंसारुल्लाह आंदोलन ने बैलिस्टिक मीज़ाईल से यह जवाबी कार्यवाही ऐसी स्थिति में की थी कि शुक्रवार को सऊदी युद्धक विमान ने यमन के केन्द्रीय प्रांत मआरिब के हरीब अलक़रामिश इलाक़े में सड़क पर चल रही एक गाड़ी को निशाना बनाया। इस गाड़ी पर सवार औरतों और बच्चों सहित कम से कम 5 बेगुनाह लोग मारे गए और एक दर्जन घायल हुए।
ज्ञात रहे कि यमन पर सऊदी अरब किए जा रहे हमलों में अब तक 9400 से ज़्यादा यमनी नागरिक हताहत और 16000 अन्य घायल हुए हैं।