4 फ़रवरी 2016 - 20:29
लंदन में सम्मेलन, ज़रीफ़ और बान की मून की महत्वपूर्ण वार्ता

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने लंदन में क्षेत्रीय परिवर्तनों तथा क्षेत्रीय सहयोग के उपायों पर चर्चा की।

विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने लंदन में क्षेत्रीय परिवर्तनों तथा क्षेत्रीय सहयोग के उपायों पर चर्चा की।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने जो सीरियाई जनता के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता के बारे में होने वाली कांफ़्रेंस में भाग लेने ब्रिटेन गये हैं, गुरुवार को बान की मून से मुलाक़ात की।
बान की मून ने इस मुलाक़ात में आशा व्यक्त की कि समस्त देशों के मध्य वार्ता और सीरियाई पक्षों के मध्य शांतिपूर्ण वार्ता द्वारा इस देश का संकट शीघ्र हल हो सकेगा।
उधर सीरिया की जनता के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता जमा करने के लिए आयोजित होने वाली कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए बान की मून ने कहा कि सीरिया की स्थिति बहुत ही दयनीय है और इस स्थिति को जारी नहीं रखा जा सकता तथा इसके समाधान के लिए सभी को प्रयास करने की आवश्यकता है।
लंदन में सीरिया की जनता के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता एकत्रित करने के लिए आयोजित कांफ़्रेंस गुरुवार से आरंभ हुई जिसमें 70 देशों से अधिक के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारी तथाा ग़ैर सरकारी संस्थाएं भाग ले रही हैं।
इस सम्मेलन में एक करोड़ तीस लाख से अधिक सीरियाई नागरिकों के लिए जो सीरिया संकट के कारण समस्याओं का सामना कर रहे हैं और इसी प्रकार चालीस लाख से अधिक सीरियाई नागरिकों के लिए जो अपना देश छोड़ने पर विवश हुए, मानवीय सहायताएं एकत्रित किए जाने के विषय पर चर्चा होगी।