इराक़ी सेना ने अलअंबार प्रांत में आतंकी गुट आईएसआईएल पर कड़े प्रहार किए हैं।
अलफ़ुरात समाचार एजेंसी के अनुसार इराक़ की सेना और सुरक्षा बलों ने अलअंबार प्रांत में अपनी बढ़त जारी रखते हुए दाइश पर ज़बरदस्त हमला किया है जिसमें कम से कम तीस आतंकी मारे गए हैं। यह हमला अलअंबार के ख़ालेदिया क्षेत्र में दाइश के एक गुप्त ठिकाने पर हुआ है। इस हमले में कई आतंकी घायल भी हुए हैं। ख़ालेदिया नगर की सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहीम फ़हदावी ने इससे पहले बताया था कि नगर के निकट दाइश के ठिकानों को निशाना बनाने के लिए ज़ुलफ़ेक़ार नामक 120 स्थानीय मीज़ाइल तैयार किए गए हैं।
इस बीच इराक़ी सेना ने इसी प्रकार हुसैबा के क्षेत्र में दाइश के दो गुप्त ठिकानों को ध्वस्त कर दिया जिसमें दसियों आतंकी मारे गए। अलअंबार के अलबू ज़ियाब, अबू फ़राज और अलजराशी जैसे क्षेत्रों पर इराक़ी सेना के हवाई हमलों में भी दाइश के दसियों आतंकी मारे गए हैं। ज्ञात रहे कि इराक़ की सेना और स्वयं सेवी बलों ने अलअंबार प्रांत को दाइश से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चला रखा है।