यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों ने देश के दक्षिण में स्थित तइज़ प्रांत में 38 अतिक्रमणकारियों को मार गिराया है।
यमन के अलमसीरा टीवी ने बताया है कि तइज़ में सेना और स्वयं सेवी बलों की कार्यवाहियों में राष्ट्रपति के महलों और गुप्तचर संस्था की इमारतों में सऊदी अरब के किराए के 38 सैनिक मारे गए। इस कार्यवाही में अनेक अतिक्रमणकारी सैनिक घायल भी हुए। ज्ञात रहे कि इस समय सऊदी अरब के नेतृत्व वाले अरब गठजोड़ के समर्थन प्राप्त किराए के सैनिकों ने यमन के कई क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर रखा है।
दूसरी ओर संयुक्त अरब इमारात ने यमन में ताज़ा दम सैनिक भेजने की घोषणा की है। इमारात की एक वेबसाइट ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि संयुक्त अरब इमारात की सरकार ने यमन पर हमला करने वाले अरब गठजोड़ को सूचना दी है कि उसके सैनिक दक्षिणी यमन के तइज़ प्रांत को स्वतंत्र कराने की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। इमारात की सरकार ने यह निर्णय यमन के भगोड़ राष्ट्रपति मंसूर हादी के निवेदन पर किया है जो इस समय सऊदी अरब में शरण लिए हुए हैं।