28 सितंबर 2015 - 08:12
 यमन, सऊदी हमलों में 8 नागरिकों की मौत।

यमन पर सऊदी अरब के हमले में चार बच्चों समेत कम से कम आठ नागरिक मारे गए हैं।

यमन पर सऊदी अरब के हमले में चार बच्चों समेत कम से कम आठ नागरिक मारे गए हैं।
यमन की सरकारी समाचार एजेंसी ने रविवार को रिपोर्ट दी है कि सनआ प्रांत के बनी हशीश नगर पर सऊदी अरब के युद्धक विमानों के हमले में ये आम नागरिक हताहत हुए हैं। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के लड़ाका विमानों ने शनिवार की शाम उत्तरी सनआ के दैलमी एयर बेस को निशाना बनाया। इसी प्रकार सनआ के हसबा इलाक़े में एक कपड़ा मिल पर भी सऊदी अरब के युद्धक विमानों के हमले की सूचना है जबकि हफ़ा व हिमाया के क्षेत्रों में सैन्य व पुलिस छावनियों पर भी हमले हुए हैं।
इस बीच यमनी सेना के उप प्रवक्ता ने बताया है कि सेना और स्वयं सेवी बलों ने सऊदी अरब के दसियों सैनिकों को बंदी बना लिया है। अज़ीज़ राशिद ने कहा कि मआरिब प्रांत में यमनी संघर्षकर्ताओं ने सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठजोड़ को भारी क्षति पहुंचाई और सऊदी अरब के दस सैनिकों को बंदी बना लिया। उधर अंसारुल्लाह जनांदोलन ने सऊदी अरब के एक अन्य अपाची हेलीकॉप्टर को मार गिराने की सूचना दी है। अंसारुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद अब्दुस्सलाम ने बताया है कि ईश्वर की सहायता से शनिवार को जीज़ान में अलहसीरा की सैन्य छावनी के निकट सऊदी अरब का एक अन्य हेलीकॉप्टर मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अलहसीरा छावनी को वापस लेने के प्रयास में आगे बढ़ने वाले सऊदी अरब के तेरह सैनिक भी मारे गए हैं।
उधर यमनी सेना और स्वयंसेवी बलों की कार्यवाही में दक्षिणी क्षेत्र में सऊदी सेना का एक कमान्डर मारा गया। सऊदी सेना ने घोषणा की है कि जीज़ान की 18वीं ब्रिगेड के ब्रिगेडियर जनरल इब्राहीम हमज़ी, यमनी सेना की कार्यवाही में मारे गये।