यूरोपवासियों ने शरणार्थियों के समर्थन में प्रदर्शन किये हैं।
कई यूरोपीय देशों के नागरिकों ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों से उनके देशों की ओर पलायन करने वाले शरणार्थियों के समर्थन में प्रदर्शन किए हैं। फ़्रांस की जनता ने शनिवार को पेरिस में प्रदर्शन करके यूरोपीय अधिकारियों से मांग की है कि वे अपने देशों में अधिक से अधिक शरणार्थियों को स्वीकार करें।
इसी प्रकार जर्मनी की जनता ने भी देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन करके शरणार्थी विरोधी अभियान की निंदा की। यह ऐसी स्थिति में है कि स्वीज़रलैंड के निवासियों ने ज़्यूरिख़ में प्रदर्शन किया जो बाद में हिंसक हो गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए उन पर प्लास्टिक की गोलियां चलाईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यूरोपीय अधिकारियों ने शरणार्थियों की कठिनाइयों को कम करने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए।
जबकि संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी यूरोपवासियों द्वारा शरणार्थियों के व्यापक स्वागत की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्यवाहियां, कुछ यूरोपीय देशों में शरणार्थी संकट के संबंध में अपनी नीतियों को परिवर्तित करने या उसमें सुधार करने का कारण बनी हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ में शरणार्थियों के मामलों के सर्वोच्च आयोग ने कहा है कि पूरे यूरोप में धार्मिक संस्थाओं, ग़ैर सरकारी संस्थाओं और जनता के अन्य वर्गों की ओर से व्यापक प्रतिक्रिया देखी गई और इसी कारण बहुत से यूरोपीय देशों की नीतियां परिवर्तित हुईं या उनमें सुधार किया गया।