यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है। यमन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत तइज़ पर सऊदी युद्धक विमानों ने कई हवाई हमले किए जिसमें दर्जनों बेगुनाह हताहत और घायल हुए हैं।
सऊदी युद्धक विमानों ने, गुरुवार की रात राजधानी सनआ से 350 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित तइज़ प्रांत के सलह इलाक़े में इमारतों पर बमबारी की जिसमें 43 बेगुनाह लोग मारे गए जिसमें ज़्यादातर औरतें और बच्चे हैं। इस बर्बरतापूर्ण बमबारी में 40 लोग घायल भी हुए हैं।
इसके अलावा सऊदी युद्धक विमानों ने दक्षिणी यमन के पर्वतीय इलाक़ों वाले सअदा प्रांत के जमाला इलाक़े पर तीन बार हमला किया। रिपोर्ट मिलने तक, इन हमलों में किसी संभावित जानी व माली नुक़सान का उल्लेख नहीं किया गया था। सऊदी युद्धक विमानों ने मध्य यमन के मआरिब प्रांत के दो इलाक़ों पर गुरुवार को हमला किया। इन हमलों में भी संभावित जानी व माली नुक़सान का ब्योरा अभी तक सामने नहीं आया है।
इसके अलावा सऊदी युद्धक विमानों ने तइज़ प्रांत में राष्ट्रपति भवन पर हमला किया जिसमें किसी प्रकार के जानी नुक़सान की कोई सूचना नहीं है।
दूसरी ओर सऊदी अरब के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र जीज़ान पर यमनी सैनिकों और स्वयंसेवी बल की जवाबी कार्यवाही में बड़ी संख्या में सऊदी सैनिक मारे गए। इसके अलावा यमनी सैनिकों ने घटक बल के साथ मिलकर जीज़ान के अलजर्रा इलाक़े में सऊदी सेना की छह गाड़ियों को तबाह कर दिया।
यमनी सैनिकों ने घटक बल के साथ मिलकर सऊदी अरब के अतिग्रहण में मौजूद यमन के असीर प्रांत के ज़हरान अलजुनूब इलाक़े में स्थित तवीला सैन्य छावनी पर 7 ग्राड मीज़ाईल फ़ायर किए।
ज्ञात रहे यमन के तीन प्रांत नजरान, जीज़ान और असीर का सऊदी अरब ने 1934 से अतिग्रहण कर रखा है।
दूसरी ओर यमनी सैनिकों ने सलफ़ी इस्लाह पार्टी के बंदूक़धारियों के साथ झड़प में, 4 चरमपंथियों को मार गिराया।
ज्ञात रहे सऊदी अरब, संयुक्त राष्ट्र संघ की इजाज़त के बिना यमन पर 26 मार्च से हमला कर रहा है। इन हमलों का लक्ष्य यमन के फ़रारी पूर्व राष्ट्रपति अब्द रब्बोह मंसूर हादी को सत्ता में लाना और अंसारुल्लाह आंदोलन को कमज़ोर करना बताया जाता है।
विश्व स्वास्थय संगठन के अनुसार, सऊदी अरब के यमन पर हमलों में अब तक 4300 बेगुनाह यमनी शहीद हो चुके हैं जबकि स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह संख्या इससे कहीं ज़्यादा है।