अहलेबैत (अ) न्यूज़ एजेंसी अबना की रिपोर्ट के अनुसार इराक के बुजुर्ग मरजए तक़लीद आयतुल्लाह सैयद अली सीस्तानी ने फ्रांस प्रेस की ओर से किए गए एक सवाल के जवाब में कहा है कि अगर भ्रष्टाचार और सामाजिक अन्याय के संबंध में वास्तविक परिवर्तन नहीं लाए गए तो हालात पहले से अधिक, बदतर हो जाऐंगे।
आयतुल्लाह सैयद अली सीस्तानी ने ताकीद के साथ कहा कि मराजए कराम ने हमेशा सरकारों को भ्रष्टाचार के विषय में चेतावनी दी है और सरकारी केन्द्रों और सामाजिक संस्थाओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की सलाह दी है। आपने कहा कि सुधारों में देरी, सरकार के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि आयतुल्लाह सीस्तानी ने पिछले सात अगस्त को इराकी प्रधानमंत्री से कहा था कि सुधार प्रक्रिया और वित्तीय भ्रष्टाचार का मुकाबला करने के लिए सरकार को चाहिए कि साहस और बहादुरी से काम ले। इराकी सरकार ने भी नौ अगस्त को इस संबंध में एक उत्तमीकरण योजना पेश की था जिसे संसद ने मंजूरी दे दी।
याद रहे कि कुछ दिन पहले इराक के प्रधानमंत्री हैदर अलबादी ने जोर देकर कहा था कि भ्रष्टाचार का मुकाबला आसान नहीं होगा और जिन लोगों के फ़ायदे भ्रष्टाचार से जुड़े रहे हैं वे देश में होने वाले सभी सैद्धांतिक कदम को भी बेअसर करने की भरपूर कोशिश करेंगे।