इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने ईरान व भारत के मध्य संबंध विस्तार को अपनी दिल्ली यात्रा का मुख्य उद्देश्य बताया है।
विदेशमंत्री ने कहा कि परमाणु सहमति के बाद दोनों देशों के मध्य संबंध विस्तार का उचित अवसर पैदा हो गया है। विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने गुरुवार की रात नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि ईरान भारत के साथ बहुत अच्छे संबंध रखता है और बहुत से मुद्दों में दोनों देशों के दृष्टिकोण समान हैं।
विदेशमंत्री ने कहा कि दिल्ली यात्रा के दौरान, चरमपंथ व हिंसा से मुक़ाबले जैसी क्षेत्रीय चुनौतियों और परस्पर सहयोग पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में मुख्य बिन्दु, नयी परिस्थतियों में परस्पर सहयोग में वृद्धि है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने , परमाणु समझौते के बाद अपनी दूसरी क्षेत्रीय यात्रा लेबनान से आरंभ की और सीरिया व पाकिस्तान होते हुए गुरुवार की रात नई दिल्ली पहुंचे हैं।
इस यात्रा के दौरान ईरानी विदेशमंत्री, भारत के प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री और उप राष्ट्रपति सहित वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट करेंगे।
जवाद ज़रीफ, विदेशमंत्री के रूप में दूसरी बार भारत गये हैं।