नाइजेरिया के पूर्वोत्तरी राज्य बोर्नो में एक बाज़ार में बम धमाका हुआ जिसमें कम से कम 47 व्यक्ति मारे गए।
बोर्नो के बियू जनरल अस्पताल की एक नर्स ने मंगलवार को कहा कि साबोन गारी के बाज़ार में दोपहर बाद यह धमाका हुआ जहां से अब तक 47 शव और कम से कम 50 घायलों को अस्पताल लाया गया है।
सिविलयन ज्वाइंट टास्क फ़ोर्स के सदस्य बाबागाना इलिया ने ऑनलाइन न्यूज़ एजेंसी ‘सहारा रिपोर्टर्ज़’ को बताया, “लगभग डेढ़ बजे दोपहर को हमने भीषण धमाके की आवाज़ सुनी। जब हम वहां पहुंचे तो लोग बिखरे पड़े थे। यह आत्मघाती धमाका नहीं था बल्कि बाज़ार के मध्य में बम लगाया गया था।”
साबोन गारी गांव, बोर्नो राज्य के दक्षिणी भाग में सबसे बड़े क़स्बे बीयू से लगभग 50 किलोमीटर दूर माइदुगुरी दामबुआ-बीयू राजमार्ग पर स्थित है। स्थानीय सतर्कता समिति के सदस्य यूरम बूरा ने बताया कि यह धमाका साबोन गारी के बाज़ार में मवेशियों के खंड के पास स्थित मोबाइल फ़ोन सेक्शन में हुआ। यूरम बूरा ने विश्वास के साथ कहा कि इस घातक हमले के पीछे तकफ़ीरी आतंकवादी गुट बोको हराम का हाथ है।
एम्नेस्टी इंटरनेश्नल के अनुसार, नाइजेरिया में पिछले 6 साल से बोको हराम के आतंक से अब तक 17000 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं। यह गुट नाइजेरिया के पड़ोसी देशों में भी सक्रिय हैं जहां इस गुट ने नागिरकों और सुरक्षा बलों के ख़िलाफ़ आतंकी हमले किए हैं।