विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इराक़ के साथ सभी क्षेत्रों में संबंधों के विस्तार पर बल दिया है।
जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि तेहरान, पड़ोसी देश इराक़ के साथ सभी क्षेत्रों में संबंध को बहुत महत्व देता है। उन्होंने तेहरान में इराक़ के नए राजदूत राजेह साबिर अब्बूद अलमूसवी से रविवार को मुलाक़ात में कहा, “ईरान और इराक़ के बीच विशेष संबंध हैं और उम्मीद करते हैं कि सभी क्षेत्रों में यह संबंध विकसित होंगे। हमारे नज़दीक इराक़ी सरकार और राष्ट्र का विशेष स्थान है।”
इरानी विदेश मंत्री ने इराक़ में ईरानी व्यापारियों और निवेशकों के लिए व्यापार की प्रक्रिया को सुचारू बनाने की भी अपील की। पिछले महीने ईरानी विदेश मंत्री मध्यपूर्व के तीन देशों के दौरे के तहत इराक़ गए और फिर वहां से कुवैत और क़तर गए थे। इराक़ में उन्होंने इस देश के प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी, राष्ट्रपति फ़ोआद मासूम, संसद सभापति सलीम अलजबूरी और विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री तथा इराक़ के वरिष्ठ धर्मगुरु आयतुल्लाह सीस्तानी से मुलाक़ात की थी।