इराक़ ने आतंकवादी गुटों से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मदद की अपील की है।
इराक़ी विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री ने कहा है कि इराक़ को आतंकवादी गुटों से निपटने में अंतर्राष्ट्रीय मदद व समर्थन की ज़रूरत है। वह आईएसआईएल के ख़िलाफ़ गठित गठबंधन के सदस्य देशों की बैठक में भाग लेने कैनेडा पहुंचे। उन्होंने शनिवार को कैनेडा के विदेश मंत्री रॉबर्ट निकलसन से मुलाक़ात में कहा कि आतंकवादियों से संघर्ष के मार्ग में इराक़ की कोशिशों की बावजूद, इस देश को आतंकवादी एवं तकफ़ीरी गुटों के अंत के लिए अंतर्राष्ट्रीय मदद की ज़रूरत है।
इब्राहीम जाफ़ारी ने इराक़ के ज़मीनी हालात का उल्लेख किया और कहा कि अगर विश्व समुदाय अपना समर्थन बढ़ा दे तो बहुत ही कम वक़्त में क्षेत्र से आईएसआईएल जैसे आतंकवादी गुटों का अंत हो जाएगा।
इस मौक़े पर कैनेडा के विदेश मंत्री रॉबर्ट निकलसन ने कहा कि उनका देश इराक़ का पूरी तरह समर्थन करता है और आईएसआईएल के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन के सदस्य के नाते इराक़ के संबंध में अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन कर रहा है। उन्होंने बल दिया कि कैनेडा, इराक़ में पूंजिनिवेश करेगा और इस देश को मानवीय मदद की निगरानी की ज़िम्मेदारी संभालेगा।