ईरान की रेडियो और टेलीविजन संस्था के प्रमुख ने कहा है कि यमन में सऊदी अरब के तीन महीनों से जारी हमलों से उसे कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ है।
डॉक्टर मुहम्मद सरअफ़राज़ ने ईरान के अंग्रेज़ी भाषा के टीवी चैनल प्रेस टीवी के आठवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में यमन में सऊदी अरब की विफलता और पराजय की ओर संकेत करते हुए कहा कि सऊदी अरब यमन पर व्यापक हमले के बावजूद इस देश में अपने राजनीतिक व सैन्य उद्देश्य प्राप्त नहीं कर सका और इस समय यमन के अधिकांश क्षेत्रों पर अंसारुल्लाह जनांदोलन का नियंत्रण है।
उन्होंने ईरान व गुट पांच धन एक के बीच परमाणु वार्ता और क्षेत्र की संवेदनशील परिस्थितियों की ओर संकेत किया और तुर्की में आए राजनीतिक परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि तुर्की में राजनीतिक परिवर्तन के दृष्टिगत यह आशंका मौजूद है कि तुर्क सरकार देश में विपक्ष की राजनैतिक शक्ति के अभाव से लाभ उठाते हुए सीरिया के संबंध में ख़तरनाक क़दम उठा ले।