आईएसआईएल से मुक़ाबले के लिए अफ़ग़ानिस्तान में विशेष सुरक्षा दल का गठन किया गया है।
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग ने घोषणा की है कि आतंकवादी गुट आईएसआईएल से मुक़ाबला करने के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा दल का गठन किया गया है। हसीब सिद्दीक़ी ने बताया है कि इस विशेष गुट ने हेलमंद प्रांत में आईएसआईएल के विरुद्ध कार्यवाही आरंभ कर दी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही के अन्तर्गत हेलमंद प्रांत में तकफ़ीरी गुट आईएसआईएल का एक मुखिया, मुल्ला अब्दुर्रऊफ़ ख़ादिम मारा गया।
हसीब सिद्दीक़ी ने कहा कि वर्तमान समय में आईएसआईएल के आतंकवादी नंगरहार और फ़रह प्रांतों में सक्रिय हैं। अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा सुत्रों के अनुसार सुरक्षा बलों ने हालिया दिनों के दौरान अचीन नगर से आईएसआईएल के 6 चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया है। इनमें से एक, विगत में तालेबान का वरिष्ठ कमांडर रह चुका है।
उल्लेखनीय है कि अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा अधिकार, आईएसआईएल को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा मानते हैं।