इराक़ के उत्तरी प्रांत सलाहुद्दीन का बीजी नगर सप्ताहों तक आईएसआईएल के आतंकियों और सेना के बीच झड़पों के बाद पूरी तरह स्वतंत्र हो गया है।
स्वयं सेवी बल के एक प्रवक्ता अहमद अलअसदी ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि सेना और स्वयं सेवी बल ने बीजी नगर को पूरी तरह से आतंकियों से मुक्त कर दिया है। सूमरिया न्यूज़ के अनुसार उन्होंने कहा कि स्वयं सेवी बल के लड़ाके आईएसआईएल द्वारा लगाए गए बमों और बारूदी सुरंगों को निष्क्रीय बनाने के बाद अब बीजी की मुख्य सड़कों पर गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यवाही में बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए जबकि अनेक को बंदी बना लिया गया। इराक़ में स्वयं सेवी बल के प्रवक्ता अहमद अलअसदी ने बताया कि बीजी की स्वतंत्रता के बाद अब मूसिल की मुक्ति की तैयारी की जा रही है।
ज्ञात रहे कि बीजी, इराक़ के उत्तरी प्रांत सलाहुद्दीन का स्ट्रेटेजिक नगर है जिसे अपने क़ब्ज़े में रखने की आईएसआईएल ने बहुत कोशिश की थी। इस नगर का नियंत्रण खोने के बाद तकफ़ीरी आतंकवादियों के हाथ से बीजी की रिफ़ाइनरी भी निकल गई है और वे सलाहुद्दीन प्रांत की उत्तरी सीमा से मिलने वाले प्रांत शरक़ात की ओर भागने पर विवश हो गए हैं।