अंतर्राष्ट्रीय मामलों में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सलाहकार ने क्षेत्र में आतंकवादी गुटों का समर्थन बंद किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया है।
डॉक्टर अली अकबर विलायती ने शनिवार को दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री ‘येवनी बियांगसे’ से भेंटवार्ता के दौरान आईएसआईएल को एक ख़तरनाक आतंकवादी गुट बताया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि आतंकवाद के प्रसार को रोकने के लिए आतंकवादी समूहों का क्षेत्रीय और वैश्विक समर्थन बंद किया जाना बहुत ज़रूरी है। अंतर्राष्ट्रीय मामलों में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सलाहकार डॉक्टर विलायती ने विश्व के सभी देशों के लिए आतंकवादी समूहों के ख़तरे की ओर संकेत करते हुए कहा कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने सीरिया को आतंकवादी कृत्यों की प्रयोगशाला में बदल दिया है।
डॉक्टर विलायती ने उन देशों की ओर संकेत करते हुए जो आतंकवादियों का समर्थन और उनकी सहायाता कर रहे हैं, कहा कि विभिन्न देशों के साथ सुखद संबंधों के दृष्टिगत दक्षिण कोरिया आतंकवादियों के समर्थन पर अंकुश लगाने के संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।