यमन पर सऊदी अरब और उसके घटकों के हमलों में कई यमनी नागरिकों के हताहत व घायल होने की सूचना है।
यमन के विभिन्न नगरों पर सऊदी अरब और उसके घटकों के पाश्विक हमलों में दर्जनों आम नागरिक हताहत व घायल हुए हैं। यमनी सूत्रों के अनुसार सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने सादा, हुदैदा, जौफ़ और अदन में आवासीय इमारतों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और मस्जिदों को निशाना बनाया है।
सऊदी युद्धक विमानों ने सादा में एक बाज़ार पर भी बमबारी की है। सऊदी बमबारी में मारे जाने व घायल होने वालों की सही संख्या के बारे में पता नहीं चल सका है किन्तु एक स्थानीय सूत्र का कहना है कि दर्जनों लोग हताहत व घायल हुए हैं और सहायताकर्मी इमारतों के मलबे से शवों और घायलों को निकालने में व्यस्त हैं।
अलमसीरा टीवी चैनल ने सादा के अलकताफ़ नामक क्षेत्र में सऊदी अरब की बमबारी में कम से कम पांच लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट दी है। मारे जाने वालों में प्रांतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी सालेह हादी भी शामिल हैं जो चिकित्सा उपकरण और दवाएं अस्पताल ले जा रहे थे कि सऊदी युद्धक विमानों ने उस क्लिनिक पर हमला कर दिया जहां वे मौजूद थे। यमनी सूत्रों के अनुसार सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने सादा प्रांत के क्षेत्र महाज़ीर में एक घर पर बमबारी की जिसमें एक नागरिक हताहत और चार अन्य घायल हो गये।
सऊदी सैनिकों ने सादा प्रांत के शहर राज़ेह के अलग़मारा नामक क्षेत्र पर टैंक से बमबारी की जिसमें कई घर तबाह हो गये। सऊदी अरब के हमलों के जवाब में यमन की सेना और स्वयंसेवी बलों ने अलबैज़ा, दूद, दुख़्ख़ान और जीज़ान के क्षेत्रों में सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और नई चेकपोस्टों पर गोलाबारी की जिसमें सऊदी सैनिकों को भारी नुक़सान हुआ। कुछ क्षेत्रों में सऊदी सैनिक अपनी चेकपोस्टें छोड़कर फ़रार हो गये हैं।