डेनमार्क के एक मुस्लिम क़ब्रस्तान पर अज्ञात लोगों ने आक्रमण किया है।
कुछ अज्ञात लोगों ने डेनमार्क की राजधानी के पश्चिम में मुसलमानों के एक क़ब्रस्तान पर आक्रमण किया। अर्रेसाला वेबसाइट के अनुसार डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के पश्चिम में पुलिस अधिकारी किम मेडसन ने बताया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने शुक्रवार की रात ब्रोंडबी क्षेत्र में मुसलमानों के एक क़ब्रस्तान पर हमला किया। अज्ञात आक्रमणकारियों ने क़ब्रिस्तान में लगे बोर्ड तोड़ दिये और क़ब्रों पर डाले गए फूलों को पैरों से कुचल दिया। डेनमार्क के इस पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमले की जांच आरंभ कर दी गई है। इस क़ब्रिस्तान के निकट रहने वालों ने, जिनके परिजन इस क़ब्रिस्तान में दफन हैं, बताया है कि यह आक्रमण, जातिवादियों का काम हो सकता है जो मरे हुए लोगों पर भी दया नहीं करते।
ब्रांडबी के महापौर ने इस हमले की निंदा की है। महापौर के अतिरिक्त डेनमार्क के कई मुस्लिम नेताओं ने भी क़ब्रिस्तान पर अज्ञात लोगों के आक्रमण की कड़े शब्दों में निंदा की है।