इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने घोषणा की है कि नैनवा प्रांत को आईएसआईएल के क़ब्ज़े से छुड़ाने के लिए आप्रेशन शुरू हो गया है और प्रांत की ओर से सैनिक टुकड़ियां रवाना हो गई हैं।
हैदर अलएबादी ने फ़्रांस के विदेश मंत्री लोरान फ़ेबियस और अमरीका के विदेश उपमंत्री टोनी ब्लिंकन के साथ पैरिस में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नैनवा प्रांत की आज़ादी के आप्रेशन के कमांडर की नियुक्ति के साथ ही यह आप्रेशन शुरू हो गया है।
हैदर अलएबादी ने कहा कि रोमादी नगर पर आईएसआईएल का क़ब्ज़ा अनेक कारणों से हुआ जिनके बारे में जांच जारी है, हमारी सेना बिखरी नहीं है बल्कि हम पूरा अलअंबार प्रांत स्वतंत्र कराने की योजना पर काम कर रहे हैं।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि हमे अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन की ओर से यह आश्वासन दिलाया गया है कि आतंकियों को अन्य देशों से इराक़ जाने से रोका जाएगा तथा आतंकियों के हाथों इराक़ के कच्चे तेल की स्मगलिंग का रास्ता भी बंद कर दिया जाएगा।
ज्ञात रहे कि आईएसआईएल से संघर्ष के लिए अमरीका के नेतृत्व में बनने वाले गठबंधन की पैरिस बैठक में भाग लेने के लिए इराक़ी प्रधानमंत्री फ़्रांस की यात्रा पर गए हैं।