इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा है कि अलअंबार प्रांत में सेना और स्वयंसेबी बलों को बहुत बड़ी सफलता मिलने वाली है।
टीवी से प्रसारित होने वाले अपने भाषण में इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि अलअंबार प्रांत में अगले कुछ ही घंटों में शत्रु को भारी पराजय होने वाली है और बैजी को बहुत जल्द पूरी तरह स्वतंत्र करा लिया जाएगा। स्वयंसेवी बल के प्रवक्ता करीम नूरी ने भी कहा है कि बैजी आयल रिफ़ाइनरी के कुछ भागों पर नियंत्रण प्राप्त करने वाले आतंकियों के विरुद्ध एक बड़ा आप्रेशन शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा कि आईएसआईएल के पास लड़ाके एकत्रित करने की शक्ति नहीं रह गई है और उसके हज़ारों साथी मारे गए हैं या भाग गए हैं। इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि आईएसआईएल की शक्ति के बारे में फैलाई जाने वाली अफ़वाहों पर देश की जनता ध्यान न दे। दूसरी ओर इराक़ के उप राष्ट्रपति नूरी अलमालेकी ने चेतावनी दी है कि इराक़ का विभाजन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ नेता विभाजनकारी गतिविधियां कर रहे हैं और यदि देश के विभाजन का प्रयास किया गया तो ख़ून की नदियां बह जाएंगी। नूरी मालेकी ने कहा कि हम स्वयंसेवी बल तथा उसके द्वारा प्राप्त की जाने वाली सफलताओं का समर्थन करते हैं और इराक़ के विभाजन की सभी साज़िशों को ख़ारिज करते हैं।