यमन के तटीय क्षेत्र अलहुदैदा के लोग बड़ी संख्या में ईरान के जहाज़ का स्वागत करने के लिए लाल सागर के तट पर एकत्रित हो गए हैं जो यमन की युद्धग्रस्त जनता के लिए सहायता सामग्री लेकर अलहुदैदा बंदरगाह पहुंचने वाला है।
अलहुदैदा में बड़ी संख्या में एकत्रित यमनी नागरिकों ने पानी पर अपने देश का बहुत बड़ा ध्वज फैला रखा है और घोषणा की है कि वह मानवता प्रेमी सहायता लेकर यमन पहुचंने वाले ईरानी जहाज़ का रास्ता रोकने की सऊदी अरब की कार्यवाहियों की आलोचना करते हैं। अलहुदैदा के लोगों ने देश की जनता से अपील की है कि ईरान से आने वाले जहाज़ के स्वागत और यमन पर सऊदी अरब की बम्बारी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करे। दूसरी ओर सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने शनिवार को भी युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए अदन शहर पर बम्बारी की जबकि उत्तरी प्रांत सअदा के दो शहरों मज़रक़ और हसामह पर सऊदी सैनिकों ने मिज़ाइल फ़ायर किए। सअदा के दूसरे भी अनेक क्षेत्रों पर सऊदी सैनिकों ने मार्टर गोले फ़ायर किए हैं।