बहराइच की सुनियोजित हिंसा के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है जो चर्चा का केंद्र बना हुआ है।दंगाईयों ने चुन चुन कर समुदाय विशेष को नुकसान पहुँचाने के लिए हिंसा के बीच तोड़फोड़ और आगज़नी की। लेकिन इन सब के बीच अनूप शुक्ला और मोहम्मद सईद का नाम चर्चा का विषय बना हुआ है।
हुआ यूँ कि दंगाईयों ने जिस शोरूम को मोहम्मद सईद का समझते हुए आग के हवाले किया था वह जला तो अनूप शुक्ला को लाखों का नुकसान हो गया। बहराइच जिले हिंसा के दौरान एक बाइक शोरूम में आग लगा दी गई, जिससे कई लाख रुपयों का नुकसान हो गया है। बाइक शोरूम के मालिक अनूप शुक्ला ने बताया कि यह शोरूम मोहम्मद सईद का है लेकिन उन्होंने इसे किराए पर लिया था।
शुक्ला के मुताबिक शोरूम में जिस वक्त आग लगाई गई उस वक्त इसमें 38 वाहन थे जिसमें से ज्यादातर बाइक थीं, इस तरह से कुल मिलाकर 50 लाख रुपयों का नुकसान हुआ है।
इंडिया टूडे ने शुक्ला के हवाले से लिखा है कि "जिस शोरूम में आग लगाई गई है उसके मालिक मोहम्मद सईद हैं। लेकिन मैंने इसे रेंट पर लिया था। दंगाइयों ने मेरे शोरूम को भी नहीं छोड़ा. उन्होंने 34 बाइक और 4 कारों को आग के हवाले कर दिया। एक कार की दराज में 4 लाख रुपये रखे थे, वह भी जल गए. कुल मिलाकर मुझे 50 लाख रुपयों का नुकसान हुआ है।