31 मई 2024 - 04:38
कांग्रेस सरकार गिराने के लिए काला जादू, काली भेड़ें, लाल बकरियां, सूअर और भैसें की बलि

डीके शिवकुमार ने दावा किया कि उनके राजनीतिक विरोधी 'शत्रु भैरव यज्ञ' कर रहे हैं। इस यज्ञ का उद्देश्य उन्हें और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 'राजनीतिक रूप से नष्ट' करना है।

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए विरोधी पक्ष तंत्र मंत्र और काले जादू का सहारा भी ले रहा है। यह चौंकाने वाला खुलासा कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने किया है। उन्होंने कहा है कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए उनके और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ काला जादू किया जा रहा है। इसके लिए केरल के तांत्रिकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

डीके शिवकुमार ने दावा किया कि उनके राजनीतिक विरोधी 'शत्रु भैरव यज्ञ' कर रहे हैं। इस यज्ञ का उद्देश्य उन्हें और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को 'राजनीतिक रूप से नष्ट' करना है। उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान केरल के राजराजेश्वरी मंदिर में किया जा रहा है। उन्होंने अघोरियों, तांत्रिकों और बलि दिए जाने का भी जिक्र किया।

शिवकुमार ने कहा कि वे 'राजा कांटका' और 'मरना मोहन स्तम्भन' यज्ञ करने के लिए तांत्रिकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। काले जादू की रस्मों से जुड़े लोगों ने हमें सारी जानकारी दी है। यज्ञ 'अघोरियों' और 21 तांत्रिकों की टीम कर रही है। हमें जानकारी है कि पंच बलि भी दी गई है।