23 मई 2024 - 05:06
अडानी का कोयला घोटाला, राहुल ने किया जाँच कराने का वादा

राहुल गांधी ने दावा किया "इस घोटाले के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी ने कम गुणवत्ता वाले कोयले को तीन गुने दाम पर बेचकर हजारों करोड़ रुपये लूटे हैं। इसकी कीमत आम जनता ने बिजली का महंगा बिल भरकर चुकाई है।

अडानी के कोल स्कैम को लेकर देश की राजनीति में उबाल आना शुरू हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधी ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर इस घोटाले की जांच का वादा किया है।

कांग्रेस ने कहा कि सरकार बनने पर अडानी समूह से संबंधित घोटाले की जांच के लिए जेपीसी का होगा गठन। लंदन के एक अखबार की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि अडाणी समूह ने कथित तौर पर 2014 में इंडोनेशिया से कम गुणवत्ता वाला कोयला खरीदा और इसे भारत में तीन गुना कीमत पर बेचा।

कांग्रेस ने अडानी को लेकर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। अडाणी को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट के दावे पर राहुल गांधी ने भाजपा और पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के सत्ता में आने के बाद इसका सच सबके सामने लाएंगे।

राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा की सरकार के तहत बड़ा कोयला घोटाला सामने आया है। इस घोटाले के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी ने कम गुणवत्ता वाले कोयले को तीन गुने दाम पर बेचकर हजारों करोड़ रुपये लूटे हैं। इसकी कीमत आम जनता ने बिजली का महंगा बिल भरकर चुकाई है।